किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड के डाकपोखर पंचायत स्थित लक्ष्मी मंदिर खर्रा के प्रांगण में बुधवार को भाजपा मंडल कार्यसमिति सह मंडल कार्यशाला का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष सह 20 सुत्री अध्यक्ष देव मोहन सिंह ने की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा के मुख्य प्रवक्ता सह किशनगंज जिला महामंत्री मनीष कुमार तथा जिला प्रवक्ता सह एनडीए प्रत्याशी लखन लाल पंडित शामिल हुए। बैठक में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनके लाभों के बारे में कार्यकर्ताओं को विस्तार से जानकारी दी गई।
साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा कार्यों के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
जिला महामंत्री मनीष कुमार ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 138वें ‘मन की बात’ कार्यक्रम को टेढ़ागाछ प्रखंड के सभी 112 बूथों पर अधिक से अधिक लोगों के साथ सुनने तथा उसके प्रमुख संदेशों पर चर्चा करने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक में पूर्व प्रखंड अध्यक्ष रवि कुमार, बसंत कुमार सिन्हा, सीताराम पासवान, मुकेश सिंह, नवल किशोर झा, जयराम सिंह, निर्मला देवी, शिवनारायण मंडल, जय नारायण शर्मा, घनश्याम सहित विभिन्न वार्डों के भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यशाला में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।