किशनगंज /प्रतिनिधि
बुधवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में जिला लोक शिकायत निवारण एवं आरटीपीएस में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन से संबंधित पदाधिकारियों के साथ मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई ।
समीक्षा के क्रम में बताया गया कि जिलान्तर्गत जिला लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत कुल प्राप्त शिकायतों की संख्या 5662 , निष्पादित 5603, लंबित मामलों की संख्या 59 , कुल निष्पादन 98.95 % है ।
अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण में प्राप्त आवेदनों की संख्या 9477, निष्पादन 9388 , लंबित आवेदनों की संख्या 89 हैं ।
जिलान्तर्गत आरटीपीएस के माध्यम से प्राप्त आवेदनों यथा निबंधन ,माप तौल, पेंशन संबंधी, राशन कार्ड निर्माण , एलपीसी, म्यूटेशन, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, जाति, निवास, आय, चारित्रिक , प्रवासी मजदूर आदि प्रमाण पत्रों से संबंधित प्राप्त आवेदनों की कुल संख्या 73647 है , जिसमें 57823 आवेदन निष्पादित हैं, लंबित आवेदनों की संख्या 15824 है।
जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि आरटीपीएस के माध्यम से प्राप्त पंचायत स्तर पर आवेदनों का निष्पादन में प्रगति लाना सुनिश्चित करेंगे।
जिला पंचायती राज पदाधिकारी को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर की शिकायतों का निष्पादन पंचायत सरकार भवनों में ही करना सुनिश्चित करेंगे ।
श्रम अधीक्षक को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि श्रम संसाधन के सभी योजनाओं का ग्राउंड स्तर पर व्यापक रूप से प्रचार प्रसार कर जरूरतमंदों के बीच लाभ प्रदान करना सुनिश्चित करेंगे ।
सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण करण यथाशीघ्र सुनिश्चित करेंगे, साथ ही 60 वर्ष से अधिक उम्र के वंचित नये लाभुकों का नाम जोड़ने की कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करेंगे ।
इस अवसर पर जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी , जिला पंचायती राज पदाधिकारी ,अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा , आईटी मैनेजर ,जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक उपस्थित थे ।