न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

गया में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, ट्रक से 3,528 लीटर विदेशी शराब बरामद

उत्पाद विभाग की डोभी जांच चौकी पर कार्रवाई, 10,752 बोतलों के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

गया/मनोज कुमार

जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की खेप लदे एक ट्रक को जब्त किया है। डोभी जांच चौकी, थाना बाराचट्टी के पास की गई कार्रवाई में ट्रक से 3,528 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। शराब की मात्रा करीब 10,752 बोतल बताई गई है।

कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने धर्मेन्द्र कुमार (36) को गिरफ्तार किया है। वह ट्रक से अवैध विदेशी शराब का परिवहन कर रहा था। गिरफ्तार आरोपित के दस्तावेजों में पते को लेकर अलग-अलग जानकारी दर्ज होने की बात सामने आई है। उसके पते का आधार कार्ड के माध्यम से सत्यापन कराया जा रहा है।

उत्पाद विभाग की टीम ने शराब समेत DL-1MB-0882 नंबर के ट्रक को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ नियमानुसार आरोप पत्र समर्पित किया जाएगा।

कार्रवाई में उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अलावा सैप बल और गृह रक्षक जवानों की टीम भी शामिल रही। बड़ी मात्रा में शराब बरामद होने के बाद जिले में सक्रिय शराब तस्करों में हड़कंप मचा है। उत्पाद विभाग द्वारा शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी भी जांच की जा रही है।

Share this news

Leave a Comment