बारसोई /कटिहार – पंचायत चुनाव से पहले-पहले सूबे में पंचायतों के नए सिरे से परिसीमन किए जाने की प्रक्रिया अब तेज हो गई हैं। प्रखंड सभागार में पंचायत परिसीमन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयीं। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी बारसोई चंदन प्रसाद ने की।
बैठक में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी अशोक कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे। राज्य निर्वाचन आयोग पटना के निर्देश पर आयोजित इस बैठक में परिसीमन कार्य से जुड़े कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिए गए । मौके पर बीडीओ और तकनीकी सहायक ने कर्मियों को परिसीमन की प्रक्रिया, निर्धारित मानकों और मोबाइल एप के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में बताया गया कि पंचायत परिसीमन का प्रारंभिक कार्य मोबाइल एप के जरिए किया जाएगा। कर्मियों को एप के संचालन और परिसीमन से संबंधित प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया। प्रशासन ने परिसीमन कार्य को निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप पूरा करने पर जोर दिया। प्रशिक्षण के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि पंचायतों के गठन के लिए लगभग 7 हजार से 8 हजार की जनसंख्या को आधार बनाने की योजना है।
परिसीमन के दौरान जनसंख्या, भौगोलिक स्थिति और अन्य निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इस संबंध में बुधवार को बीडीओ चंदन प्रसाद ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग ने वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर पंचायतों के नई सीमा के निर्धारण का निर्देश दिया है।परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पंचायतों की सीमाएं, वार्ड और संबंधित क्षेत्र परिवर्तित हो सकते हैं।
गौरतलब हो कि बारसोई प्रखंड क्षेत्र में पंचायतों के नए सिरे से परिसीमन किए जाने को लेकर पंचायत चुनाव में उम्मीदवारी की तैयारी कर रहे लोगों में असमंजस की स्थिति देखी जा रही है। संभावित उम्मीदवारों को चिंता है कि परिसीमन के बाद चुनावी समीकरणों में बदलाव आ सकता है।