कोढा /कटिहार-कोढ़ा थाना क्षेत्र के कोलासी पुलिस शिविर अंतर्गत कोलासी पुल के नीचे बुधवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुल के नीचे महिला का शव पड़े होने की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की सूचना तत्काल कोलासी पुलिस शिविर को दी गई। सूचना मिलते ही कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से महिला के शव को बाहर निकाला।
इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी।पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया गया है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
इधर पुल के नीचे महिला का शव मिलने की खबर से स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हालांकि पुलिस ने इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुट गई है। कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया है और उसकी पहचान के लिए प्रयास किया जा रहा है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।फिलहाल पुलिस महिला की पहचान कराने और मामले की जांच में जुटी हुई है।