संवाददाता:अरुण कुमार
अररिया जिले के बसमतिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भैरोगंज में शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में ढाई वर्षीय मासूम बच्चे की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन चालक को बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने चालक को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान पुलिस बल पर हमला कर दिया गया। घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। वही पुलिस वाहन को भी आग लगा दिया गया ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फारबिसगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राज किशोर कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों के बीच से चालक को सुरक्षित मुक्त कराया।
इसी दौरान आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहन में आग लगा दी। बाद में फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री कुमार ने बताया कि घायल सभी पांच पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं। घटना के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। फिलहाल इलाके में विधि-व्यवस्था सामान्य है। पुलिस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।