कुरसेला /कटिहार – किसानों को संगठित कर कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने तथा उनकी आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से शनिवार को प्रखंड कृषि कार्यालय, कुरसेला में किसान उत्पादक कंपनी एफपीओ के गठन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने की।बैठक में प्रखंड क्षेत्र के बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान किसान उत्पादक कंपनी के गठन की प्रक्रिया,इसके उद्देश्य और किसानों को मिलने वाले संभावित लाभों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।बैठक में बताया गया कि एफपीओ के माध्यम से किसानों को एक मंच पर संगठित किया जा सकता है। इससे कृषि उत्पादों के उत्पादन, विपणन और उचित बाजार उपलब्ध कराने में सामूहिक रूप से सहयोग मिलेगा।
साथ ही किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और खेती को व्यवसाय के रूप में विकसित करने के अवसर भी मिलेंगे।आत्मा के परियोजना उपनिदेशक शशिकांत झा ने जानकारी दी कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों को संगठित कर उनकी आय में वृद्धि करना तथा कृषि क्षेत्र में सामूहिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। एफपीओ के गठन से किसानों को कृषि कार्यों में बेहतर समन्वय और बाजार से जुड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है।