खुले आसमान के नीचे करना पड़ता है अंतिम संस्कार
घाट पर सुविधाओं का अभाव
कुरसेला /कटिहार – गंगा – कोसी संगम तट पर प्रतिदिन आसपास के गांवों से लोग शवों का अंतिम संस्कार करने पहुंचते हैं, लेकिन यहां अब तक शवदाह के लिए समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। घाट पर न तो व्यवस्थित शवदाह स्थल है और न ही लोगों के बैठने, छाया और अन्य जरूरी सुविधाओं का इंतजाम है।
इसके कारण अंतिम संस्कार के लिए पहुंचने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, संगम तट पर दूर-दराज के गांवों से भी लोग शव लेकर पहुंचते हैं। उन्हें खुले मैदान और नदी किनारे उपलब्ध जगह पर ही अंतिम संस्कार करना पड़ता है। बरसात के दिनों में जलस्तर बढ़ने और जमीन पर कीचड़ होने से परेशानी और बढ़ जाती है। वहीं, गर्मी और धूप में भी लोगों को काफी देर तक खुले आसमान के नीचे रहना पड़ता है।
शुक्रवार को दाह संस्कार को पहुंचे शंकर कुमार, मंटू शर्मा का कहना है कि गंगा-कोसी संगम धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण स्थल है। उत्तर वाहिनी गंगा और कोसी का संगम होने के कारण यहां शव का दाह-संस्कार करने पहुंचते हैं।
इसके बावजूद यहां शवदाह के लिए स्थायी चबूतरा, शेड, पेयजल और रोशनी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं है। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से संगम तट पर व्यवस्थित शवदाह स्थल विकसित कराने तथा जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।