सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
डीआरएम किरेन्द्र नरह ने किया कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन
नन्हे कलाकारों की प्रतिभा ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
कटिहार – कटिहार रेलमंडल के सिलीगुड़ी स्थित रेलवे कार्मिक विभाग की ओर से संचालित वाणी मंदिर हाई स्कूल का 64वां वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। समारोह का विधिवत उद्घाटन कटिहार रेलमंडल के डीआरएम किरेन्द्र नरह ने किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
नृत्य, संगीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से कलाकारों ने दर्शकों का मन मोह लिया और खूब तालियां बटोरीं। वर्ष 1958 से संचालित यह विद्यालय पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक परिवेश में अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। विद्यालय ने वर्षों से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया है। वार्षिकोत्सव में बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और आकर्षक प्रस्तुतियां विद्यालय की समृद्ध परंपरा की झलक पेश कर रही थीं।
इस अवसर पर डीआरएम किरेन्द्र नरह ने विद्यालय परिवार को 64वें वार्षिकोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने का महत्वपूर्ण मंच भी है। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा के साथ खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की प्रेरणा दीया।
आयोजित समारोह में रेल महिला समिति की अध्यक्षा निवेदिता नरह, एडीआरएम न्यू जलपाईगुड़ी अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनूप कुमार सिंह, सीनियर डीपीओ अंजनी श्रीवास्तव सहित रेलमंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं रेल महिला समिति की अधिकारी और अन्य अतिथि आदि उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।