न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

सुशासन दिवस पर जेडीयू ने गिनाईं 20 वर्षों की उपलब्धियां, भागलपुर दंगे को लेकर राजद पर साधा निशाना

मंत्री शैलेश कुमार बोले- 24 नवंबर 2005 को सत्ता परिवर्तन नहीं, बिहार की तकदीर बदलने की शुरुआत हुई; हर साल पर्व-त्योहार की तरह मनाया जाएगा सुशासन दिवस

संवाददाता/किशनगंज

शहर के खगड़ा स्थित सम्राट अशोक भवन में मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड की ओर से सुशासन दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिले के प्रभारी मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, विधायक गोपाल अग्रवाल, जिलाध्यक्ष फैसल अहमद सहित अन्य नेताओं ने दीप प्रज्वलित कर किया।

गौरतलब है कि 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में पहली बार एनडीए की सरकार बनी थी। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में पूरे राज्य में जदयू की ओर से सुशासन दिवस मनाया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य पिछले 20 वर्षों में सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री शैलेश कुमार ने कहा कि पार्टी ने निर्णय लिया है कि प्रत्येक वर्ष 24 नवंबर को पर्व-त्योहार की तरह सुशासन दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 24 नवंबर 2005 को बिहार में केवल सत्ता परिवर्तन नहीं हुआ था, बल्कि राज्य की तकदीर और तस्वीर बदलने की शुरुआत हुई थी।

भागलपुर दंगे का जिक्र करते हुए मंत्री ने राजद पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजद शासनकाल में भागलपुर में मुस्लिम भाइयों का कत्लेआम हुआ था। एनडीए सरकार बनने के बाद दंगे से जुड़ी फाइलें दोबारा खुलवाई गईं और दोषियों को सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा कि किशनगंज में डॉ. कलाम कृषि महाविद्यालय की स्थापना के साथ सड़क, बिजली और पानी के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। मंत्री ने बिहार में पिछले 20 वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाया।

कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सरकार की 20 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

जदयू जिलाध्यक्ष फैसल अहमद ने कहा कि सुशासन दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को पिछले 20 वर्षों की उपलब्धियों से अवगत कराना है, ताकि सरकार के विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचे।

कार्यक्रम में जदयू नेता डॉ. राशिद मजहरी, बुलंद अख्तर हाशमी, बबलू साहा, रियाज अहमद, जय नारायण यादव सहित कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Share this news

Leave a Comment