कुरसेला /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र में रविवार से पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गई। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरलाल ने नवजात शिशु को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 22 से 26 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान 13,345 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसके लिए 14,169 घरों को चिह्नित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए 37 हाउस टू हाउस टीम, 11 ट्रांजिट टीम और दो मोबाइल टीमों को लगाया है। चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
वहीं बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित अन्य आवागमन वाले स्थानों पर ट्रांजिट टीम बच्चों को खुराक पिलाएगी। अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष निगरानी की जा रही है।