न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

शादी में दुल्हन की नुमाइश और बारात पर भड़के AIMIM प्रदेश अध्यक्ष अख्तरूल ईमान

शादी में दुल्हन की नुमाइश, मुंह दिखाई और वलीमा में उपहार लेने की प्रथा पर उठाए सवाल; बोले- टोपी की तादाद बढ़ी, लेकिन बेटियों के सिर से दुपट्टा सरक गया

शरीयत, समान नागरिक संहिता और मुसलमानों की सुरक्षा को लेकर भी दिया बयान, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो

संवाददाता/किशनगंज

एआईएमआईएम के अमौर विधायक सह बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरूल ईमान का मुस्लिम समाज में प्रचलित विवाह की रस्मों और सामाजिक कुरीतियों को लेकर दिया गया बयान इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। उनके संबोधन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें अख्तरूल ईमान शादी के बाद होने वाले भोज, दुल्हन की मुंह दिखाई की रस्म, वलीमा में उपहार लेने की परंपरा और विवाह में होने वाले फिजूलखर्ची पर तीखी टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं।

एक जलसे को संबोधित करते हुए अख्तरूल ईमान ने दुल्हन को सजाकर लोगों के सामने बैठाने की परंपरा पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिस तरह मुस्लिम समाज में शादी के बाद बहुओं को सजाकर नुमाइश के लिए बैठाया जाता है, वैसा तो तवायफ भी नहीं करती। उन्होंने कहा कि एक तरफ शादी के बाद बेटी बुर्का पहन लेती है, वहीं 16 साल की युवतियां खुलेआम जुल्फें लहराती हैं। इस दोहरे रवैये पर मुस्लिम समाज को शर्म करने की जरूरत है।

उन्होंने टोपी और दुपट्टे का जिक्र करते हुए कहा कि आज समाज में टोपी पहनने वालों की तादाद तो बढ़ गई है। टोपी नहीं पहनने पर भी नमाज हो सकती है, लेकिन चिंता इस बात की है कि बेटियों के सिर से दुपट्टा सरक गया है। उन्होंने आगे तल्ख लहजे में कहा कि सिर्फ सिर से ही नहीं, बल्कि सीने से भी दुपट्टा खिसक गया है।

वलीमा में उपहार लेने की परंपरा पर भी उठाए सवाल

अख्तरूल ईमान ने शरीयत का हवाला देते हुए वलीमा की दावत में उपहार और नकद राशि लेने की परंपरा पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि दावत में आने वाले लोगों का हाथ भी नहीं सूखता और घर के लोग एक व्यक्ति को कॉपी-कलम लेकर बैठा देते हैं, जो मेहमानों की ओर से दिए जाने वाले रुपये का हिसाब लिखता रहता है। उन्होंने इसे सामाजिक दिखावे और अनावश्यक परंपरा करार देते हुए कहा कि ऐसी प्रथाओं पर समाज को आत्ममंथन करना चाहिए।

विवाह में होने वाली फिजूलखर्ची पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि लोग कर्ज लेकर शादी में अनावश्यक दिखावा करते हैं। इसका खामियाजा बाद में परिवार के दूसरे सदस्यों को भुगतना पड़ता है। शादी को प्रतिष्ठा और दिखावे का माध्यम बनाने के बजाय सादगी से संपन्न कराने की जरूरत है।

समान नागरिक संहिता और शरीयत को लेकर भी जताई चिंता

अपने संबोधन में अख्तरूल ईमान ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि समान नागरिक संहिता लागू कर मुस्लिम समाज की शरीयत को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कल तक लड़ाई मुसलमान और गैर-मुसलमान के बीच बताई जाती थी, लेकिन आज लड़ाई इस्लाम और कुफ्र के बीच हो गई है।

उन्होंने मुसलमानों की सुरक्षा और धार्मिक पहचान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि दाढ़ी-टोपी देखकर लोगों को गोली मारी जा रही है, मस्जिदों को तोड़ा जा रहा है और मुसलमानों को वंदे मातरम पढ़ने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

फिलहाल अख्तरूल ईमान के इस पूरे संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल वीडियो बीते 7 नवंबर को बंगाल के लोधन में आयोजित जलसे का बताया जा रहा है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक कार्यक्रम के आयोजन स्थल की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आ सकी है। वीडियो को लेकर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Share this news

Leave a Comment