पहले भी कई मवेशियों की जा चुकी है जान, तार हटाने की जनप्रतिनिधियों की मांग को विभाग ने किया अनसुना
फलका/ कटिहार – थाना क्षेत्र के रहटा पंचायत के टेरियापार गांव में 11 हजार वोल्ट का विद्युत तार टूटकर गिरने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान चांदलाल सोरेन (35) पिता रामनारायण सोरेन टेरियापार निवासी के रूप में हुई है। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
वहीं बिजली विभाग के प्रति ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मृतक अपने परिवार का इकलौता पुत्र और परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसी की कमाई से घर का भरण-पोषण होता था। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की मां संजली देवी और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
दोनों रोते-रोते बदहवास हो चुकी हैं। मां की आंखों के सामने जवान बेटे की मौत ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया है। परिवार के सामने अब जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही मुखिया राजेश कुमार रंजन, जिला परिषद प्रतिनिधि मनोज मंडल तथा फलका थाना के अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार सुमन और जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
इस दौरान मुखिया राजेश कुमार रंजन और जिला परिषद प्रतिनिधि मनोज मंडल ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताते हुए विभाग की घोर निंदा की। उन्होंने कहा कि टेरियापार गांव में 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार से पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं।
करंट की चपेट में आने से कई मवेशियों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद बिजली विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। दोनों ने मृतक के आश्रित परिवार को प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।