न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

भोजपुरी फिल्म स्टार रामकुमार भगत को मिला ‘भिखारी ठाकुर स्मृति सम्मान’

माला, अंगवस्त्र और धार्मिक पुस्तकें भेंटकर किया गया सम्मानित, भोजपुरी सिनेमा और समाजसेवा में योगदान की हुई सराहना

फारबिसगंज/अरुण कुमार

भोजपुरी भाषा, लोकसंस्कृति और कला के संरक्षण एवं संवर्धन में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करने की कड़ी में भोजपुरी फिल्म स्टार एवं समाजसेवी रामकुमार भगत को ‘भिखारी ठाकुर स्मृति सम्मान’ से सम्मानित किया गया। स्थानीय प्रोफेसर कॉलोनी स्थित पं. रामदेनी तिवारी द्विजदेनी मंच के कार्यालय में आयोजित समारोह में उन्हें माला पहनाकर, अंगवस्त्र और धार्मिक पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया।

यह सम्मान मंच के अध्यक्ष हेमंत यादव, संस्थापक विनोद कुमार तिवारी, उपाध्यक्ष अरविंद ठाकुर, मनोज तिवारी एवं सतीश कुमार उपाध्याय ने संयुक्त रूप से प्रदान किया।

समारोह को संबोधित करते हुए बाल साहित्यकार एवं मंच के अध्यक्ष हेमंत यादव ने कहा कि भिखारी ठाकुर भोजपुरी भाषा के महान कवि, नाटककार, गीतकार और लोक कलाकार थे। उनका जन्म 18 दिसंबर 1887 को बिहार के छपरा जिले के कुतुबपुर दियारा गांव में हुआ था। उन्हें भोजपुरी का शेक्सपीयर कहा जाता है। उनकी कालजयी रचनाओं में ‘बिदेसिया’, ‘बेटी बेचवा’ और ‘गबरघिचोर’ प्रमुख हैं। उनकी रचनाएं आज भी भोजपुरी समाज की संस्कृति, संवेदना और सामाजिक चेतना को जीवंत करती हैं।

वहीं, मंच के संस्थापक विनोद कुमार तिवारी ने रामकुमार भगत के फिल्मी सफर पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जन्म वर्ष 1960 में फारबिसगंज में हुआ था। बचपन से ही फिल्म कलाकार बनने का सपना देखने वाले रामकुमार भगत ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर भोजपुरी सिनेमा में अलग पहचान बनाई। उन्होंने दर्जनों फिल्मों में अभिनय किया है। इनमें ‘कर्मा’, ‘राम जैसन भइया हमार’, ‘दगाबाज बलमा’, ‘चुटकी भर सिंदूर’, ‘घर-आंगन’ और ‘प्यार भइल हिंदुस्तान से’ प्रमुख हैं।

इस अवसर पर मनीष राज तिवारी, शिवशंकर तिवारी, अमृत राज ठाकुर, अमरेश कुमार मिश्र, साकेत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। समारोह में रामकुमार भगत को सम्मानित किए जाने पर उपस्थित लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

Share this news

Leave a Comment