न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज में तीन दिवसीय 557वां श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश उत्सव की तैयारी पूरी, 23 नवंबर को निकलेगी भव्य नगर कीर्तन शोभायात्रा

गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में 22 से 24 नवंबर तक होंगे धार्मिक कार्यक्रम, 24 नवंबर को सजेगा मुख्य दीवान

संवाददाता/किशनगंज

सिख धर्म के प्रथम गुरु साहिब श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 557वां प्रकाश उत्सव किशनगंज में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के महावीर मार्ग स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में 22, 23 एवं 24 नवंबर 2026 को तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। प्रकाश उत्सव को लेकर गुरुद्वारा परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन के दौरान कीर्तन, अरदास, अखंड पाठ साहिब, नगर कीर्तन एवं मुख्य दीवान सहित कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

गुरुद्वारा प्रबंधन समिति द्वारा बताया गया कि 22 नवंबर रविवार को कीर्तन एवं आसादि वार के बाद सुबह 10 बजे अखंड पाठ साहिब का कार्यक्रम होगा। वहीं, 23 नवंबर सोमवार को दोपहर 12 बजे गुरुद्वारा साहिब से भव्य नगर कीर्तन शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शाम सात बजे वापस गुरुद्वारा पहुंचेगी। इसके बाद रात नौ बजे तक दीवान सजाया जाएगा।

वहीं, 24 नवंबर मंगलवार को सुबह आसादि वार के बाद 10:30 बजे अखंड पाठ साहिब की समाप्ति होगी। दोपहर 1:30 बजे तक मुख्य दीवान सजेगा। शाम को रहिरास साहिब के पाठ के बाद कीर्तन दरबार आयोजित होगा। इसमें कीर्तन एवं कथा श्रवण के माध्यम से संगत निहाल होगी। कार्यक्रम का समापन रात 9:30 बजे होगा।

समिति द्वारा बताया गया कि प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में बीते 10 नवंबर से प्रभात फेरी भी निकाली जा रही है, जिसका समापन 22 नवंबर को होगा। प्रतिदिन सुबह पांच बजे गुरुद्वारा साहिब से निकलने वाली प्रभात फेरी अमृत बेला में शब्द गायन करते हुए सुबह सात बजे वापस पहुंचेगी।

गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा प्रबंधन समिति ने किशनगंज के समस्त निवासियों एवं श्रद्धालुओं से 23 नवंबर को नगर कीर्तन शोभायात्रा में शामिल होकर धार्मिक आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है। साथ ही प्रकाश उत्सव के सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।कार्यक्रम को लेकर बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह,सरदार नरेंद्र सिंह,अजीत सिंह,सूरज सिंह,चरणजीत सिंह,अमरजीत सिंह,सुरेंद्र सिंह, अमोलक सिंह,बलदेव सिंह,जसपाल सिंह, अमनदीप सिंह,गगनदीप सिंह,देवेंद्र सिंह,लखवीर कौर सहित अन्य कमेटी सदस्य सक्रिय दिखे ।

Share this news

Leave a Comment