धरमगंज में स्कूल के पास नशे में कर रहा था हंगामा, स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
संवाददाता/किशनगंज
शराबबंदी वाले बिहार में सरकारी महकमे से जुड़ा एक कर्मी ही शराब के नशे में हंगामा करते पकड़ा गया। किशनगंज डीएम कार्यालय के जनरल सेक्शन में कार्यरत बड़ा बाबू अशोक सहनी (46) को पुलिस ने शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया है। ब्रेथ एनालाइजर से जांच के दौरान उनके शरीर में अल्कोहल की मात्रा 308 एमजी/100 एमएल पाई गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम धरमगंज स्थित सरदार गोपाल स्कूल के समीप अशोक सहनी कथित तौर पर शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। उनके हो-हल्ला करने से परेशान स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही किशनगंज थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक महेश कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्हें हिरासत में ले लिया।
पुलिसकर्मियों को उनके मुंह से शराब जैसी दुर्गंध महसूस हुई। इसके बाद उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई। जांच रिपोर्ट में अल्कोहल की मात्रा 308 एमजी/100 एमएल दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने शराब सेवन के आरोप में उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अशोक सहनी शहर के डुमरिया वार्ड संख्या 30 निवासी भुवनेश्वर सहनी के पुत्र हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनके परिजनों को इसकी सूचना दी और सरकारी वाहन से उन्हें किशनगंज थाना लाया गया।
इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों से धरमगंज में एक व्यक्ति के शराब के नशे में हंगामा करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। वहीं, एसडीपीओ-वन खुसरू सिराज ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेजा जा रहा है। सरकारी कार्यालय में कार्यरत कर्मी की गिरफ्तारी के बाद प्रशासनिक महकमे में भी इसकी चर्चा हो रही है।