किशनगंज /प्रतिनिधि
शनिवार की रात कोचाधामन थाना क्षेत्र के कमलपुर गांव के पास सड़क पर एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई।मालूम हो कि बाइक और चारपहिया वाहन की आमने-सामने की टक्कर में कैमरामैन अक्षय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज किशनगंज ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक अक्षय कुमार, दिघलबैंक प्रखंड के तुलसिया पंचायत के कुम्हारटोली गांव निवासी चंदन कुमार के पुत्र थे। अक्षय पेशे से कैमरामैन थे और अपने काम से बाइक पर लौट रहे थे। तभी कमलपुर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार अक्षय सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलते ही कोचाधामन पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
अक्षय की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अक्षय अपने मिलनसार स्वभाव और हंसमुख अंदाज के लिए जाने जाते थे। क्षेत्र में कैमरामैन के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके साथ काम करने वाले साथियों और परिचितों में गहरा शोक है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर फरार वाहन की पहचान की जा रही है।