न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

जिलाधिकारी ने दलित बस्ती में मनाई दीपावलीबच्ची को गोद में लेकर दिया समरसता का संदेश

दीपावली का असली दीप तब जलेगा, जब समाज के अंतिम व्यक्ति के घर में खुशी होगी – आशुतोष

कटिहार- दीपों के पर्व दीपावली की संध्या पर जिले में सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदनशीलता की एक मिसाल देखने को मिली।


जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी सदर प्रखंड के दलन पूर्व पंचायत के पुराना टोला सिरसा महादलित बस्ती पहुंचे। जहां उन्होंने बस्ती के निवासियों के साथ बैठकर दीपावली महोत्सव मनाया। बस्ती भ्रमण के दौरान एक 3 वर्षीय नन्ही बच्ची मुस्कान जो अपनी मां की गोद में थी। जिलाधिकारी को देखकर उनकी ओर बढ़ी। जिलाधिकारी ने तुरंत उस बच्ची को अपनी गोद में उठा लिया और उसे दुलारते हुए दीपावली की मिठाई खिलाई।

गोद में आते ही बच्ची खिलखिलाकर हंस पड़ी। इस आत्मीय दृश्य ने वहां मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया। जिलाधिकारी ने बच्ची की मां से उसकी पढ़ाई और आंगनबाड़ी में नामांकन के बारे में जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारी को बच्ची के सर्वांगीण विकास के लिए सभी योजनाओं का लाभ देने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने बस्ती के बुजुर्गों के साथ मिलकर दीप प्रज्ज्वलित किया और लगभग 150 परिवारों के बीच दीपावली की मिठाई, दीया, मोमबत्ती एवं खाद्य सामग्री का वितरण किया।

बच्चों के साथ जिला पदाधिकारी ने बच्चों के साथ आतिशबाजी भी की। इससे सारे बच्चे बड़े ही खुश एवं प्रफुल्लित नजर आए।उन्होंने बस्ती के लोगों के साथ जमीन पर बैठकर संवाद किया। इस दौरान लोगों ने नल-जल, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास एवं पेंशन से संबंधित अपनी समस्याएं बताईं। जिलाधिकारी ने मौके पर ही प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को सभी समस्याओं के निष्पादन करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री द्विवेदी ने कहा कि दीपावली केवल घर में दीप जलाने का पर्व नहीं है, यह दिलों में समरसता का दीप जलाने का पर्व है। जब तक समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के घर में खुशी का दीप नहीं जलेगा, तब तक हमारी दीपावली अधूरी है।

प्रशासन का संकल्प है कि किसी भी बच्चे को जाति, धर्म या गरीबी के कारण शिक्षा और खुशियों से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को सामाजिक भेदभाव मिटाकर एक साथ मिलजुल कर त्योहार मनाने का संदेश दिया।इस अवसर पर उप विकास आयुक्त डॉक्टर नेहा कुमारी सहित एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहें।

Share this news

Leave a Comment