न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

लाल कार्ड की जमीन को लेकर विवाद,महिला व परिजनों के साथ मारपीट का आरोप

ग्रामीणों ने एक घंटे तक किया सड़क जाम

बरारी /कटिहार – प्रखंड के सेमापुर थाना क्षेत्र के काबर पंचायत अंतर्गत तुरी टोला गांव में लाल कार्ड से मिली जमीन को लेकर विवाद का मामला प्रकाश आया है। जमीन विवाद में दबंगों ने एक महिला और उसके परिजनों के साथ मारपीट किया है। मारपीट किये जाने के आरोप के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना से नाराज तुरी टोला गांव के लोगों ने सेमापुर-काबर सड़क पर करीब एक घंटे तक जाम कर दिया।

इससे सड़क पर आवागमन बाधित रहा और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।जानकारी के अनुसार पीड़िता पार्वती देवी ने सेमापुर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में बताया गया है कि सोमवार को वह अपनी जमीन पर मौजूद थीं। इसी दौरान कुछ लोग कथित तौर पर लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और उन्हें जमीन पर काम करने से मना करने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।

बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट किए जाने की बात आवेदन में कही गई है। पीड़िता ने अपने आवेदन में 10 लोगों को नामजद आरोपित बनाया है। साथ ही कुछ अज्ञात लोगों के भी घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही सेमापुर थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। जिसके बाद करीब एक घंटे से जारी सड़क जाम समाप्त हुआ और आवागमन पुनः चालू कराया गया।

पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी नामजद आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार ने बताया कि लाल कार्ड की जमीन को लेकर हुए विवाद में महिला के साथ मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

Leave a Comment