अमदाबाद /कटिहार – प्रखंड के नगर पंचायत सहित ग्राम पंचायतों में दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लोगों ने अपने घरों को दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया। एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और मिठाइयां बांटकर खुशियां साझा कीं। दीपों की जगमगाहट से पूरा क्षेत्र रोशनी से नहा उठा।इस मौके पर नगर पंचायत के मुख्य पार्षद बबलू मंडल ने कहा कि दीपावली आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
यह पर्व हमें आपसी मतभेद भुलाकर मिल-जुलकर रहने तथा जरूरतमंदों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाने का संदेश देता है।वहीं, लखनपुर पंचायत की मुखिया श्वेता राय ने कहा कि दीपावली का पर्व हमें अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है। यह त्योहार जीवन में सकारात्मकता, प्रेम और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
जदयू नगर अध्यक्ष संजीव कुमार साह ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का त्योहार नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता की रोशनी फैलाने का पर्व है। यह हमें सिखाता है कि जिस तरह एक छोटा-सा दीपक अंधकार को दूर कर उजाला फैलाता है, उसी तरह हमें भी अपने अच्छे विचारों और कार्यों से समाज में खुशहाली लाने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने क्षेत्रवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।प्रखंड के गोपालपुर, बाखरगंज, गोविंदपुर, बजरंगी टोला, पाल टोला, दुर्गापुर, चौकिया पहाड़पुर, खूटी भवानीपुर, लखनपुर और बैरिया सहित विभिन्न गांवों में भी दीपावली का त्योहार उत्साहपूर्वक मनाया गया। देर शाम तक घरों और प्रतिष्ठानों में दीप जलते रहे तथा आतिशबाजी से उत्सव का माहौल बना रहा।