मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर हासिल की सफलता
परिवार और क्षेत्र का बढ़ाया मान
कटिहार – जिले के समेली प्रखंड की होनहार बेटी डॉ. वीणा कुमारी ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। पूर्णिया जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैसा में चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में मरीजों की सेवा कर रहीं डॉ. वीणा कुमारी का चयन नीट पीजी-2026 की प्रथम चरण की काउंसलिंग में बिहार के प्रतिष्ठित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान पटना में एमएस ऑर्थोपेडिक्स पाठ्यक्रम के लिए हुआ है। उनकी इस सफलता से परिवार सहित पूरे समेली प्रखंड और कटिहार जिले में खुशी का माहौल है।
डॉ. वीणा कुमारी समेली प्रखंड के चकला मौलानगर निवासी निर्मल कुमार मंडल एवं रंजना कुमारी की पुत्री हैं। उन्होंने भागलपुर के जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय सह अस्पताल में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद पूर्णिया जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैसा में चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देनी शुरू कीं।
चिकित्सा सेवा की जिम्मेदारियों के बीच भी उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अपने लक्ष्य को बनाए रखा और लगातार नीट पीजी की तैयारी करती रहीं। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्हें आईजीआईएमएस पटना जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में एमएस ऑर्थोपेडिक्स की पढ़ाई करने का अवसर मिला।
डॉ वीणा कुमारी की यह उपलब्धि वर्षों की मेहनत, अनुशासन, निरंतर अध्ययन और अटूट संकल्प का परिणाम है। अब वह आईजीआईएमएस, पटना में अस्थि रोग चिकित्सा के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करने की दिशा में अपने जीवन का एक नया अध्याय शुरू करने जा रही हैं।