किशनगंज जिले में रविवार को दीपावली का त्योहार धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दीपावली को लेकर सुबह से ही बाजारों में रौनक देखने को मिली। पूजा सामग्री, फल, मिठाई और पटाखों की दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी।दीपावली को लेकर सुबह से ही सोशल मीडिया पर एक दूसरे को लोग बधाई देते दिखे।
वहीं, शाम होते ही दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा शहर जगमगा उठा। लोगों ने अपने-अपने घरों को आकर्षक ढंग से सजाया और विधि-विधान के साथ भगवान गणेश एवं माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने माता लक्ष्मी से परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद लोगों ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कुल मिलाकर दीपावली के मौके पर किशनगंज में उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा। वही पुलिस प्रशासन के द्वारा त्यौहार को देखते हुए सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया था।चौक चौराहे पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि शांतिपूर्ण माहौल में त्यौहार संपन्न हो।