टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सुहिया रेतुआ नदी घाट पर रविवार को नाव से नदी पार करने के दौरान संतुलन बिगड़ने से एक बाइक गहरे पानी में गिर गई। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से काफी मशक्कत के बाद बाइक को नदी से बाहर निकालने में सफलता मिली।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक चालक संतोष कुमार अपने घर गम्हरिया जाने के लिए रेतुआ नदी घाट पहुंचा था। नाव पर बाइक चढ़ाने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया, जिससे बाइक नदी के गहरे पानी में जा गिरी। घटना के बाद घाट के समीप मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नदी में उतरकर बाइक को बाहर निकालने में मदद की।
इस घटना ने एक बार फिर रेतुआ नदी घाट पर नाव के सहारे आवागमन करने की जोखिम भरी स्थिति को उजागर किया है। स्थानीय लोगों के लिए नदी पार करना आज भी परेशानी और खतरे से भरा है। ऐसे में नदी पर स्थायी पुल निर्माण की मांग एक बार फिर महत्वपूर्ण हो जाती है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।