एसआइआर के बाद पंजीकरण में तेजी लाने की तैयारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रशासन ने की चर्चा
बारसोई /कटिहार – मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटे नहीं इसे सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन विशेष अभियान चलाएगा। विशेष गहन पुनरीक्षण एसआइआर 2025 की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की पहल तेज की जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को अनुमंडल कार्यालय बारसोई के सभागार में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी,64-कदवा सह भूमि सुधार उपसमाहर्ता मयंक कुमार, 65-बलरामपुर के एसडीओ राजू कुमार तथा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह बारसोई बीडीओ चंदन प्रसाद ने अभियान की महत्ता पर चर्चा की। मौके पर नगर पंचायत बारसोई के वार्ड पार्षद फैजान, लोजपा रामविलास के विधायक प्रतिनिधि सागर कुमार साह, राजद के दिलीप राय, भाजपा के पिंटू यादव, जदयू के बारसोई प्रखंड अध्यक्ष गौतम कुमार बाउड़ी, 20 सूत्री अध्यक्ष मंटू कुमार दास, भाकपा माले के सोनू यादव, शिवकुमार यादव सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों तक अभियान की जानकारी पहुंचाई जाए। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपेक्षा की गई कि वे अपने स्तर से लोगों को जागरूक करें। ताकि निर्धारित प्रक्रिया के तहत पात्र नागरिक अपना पंजीकरण करा सकें। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में पात्र नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
एसडीओ राजू कुमार ने कहा कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विशेष अभियान के माध्यम से उन नागरिकों को पंजीकरण के लिए जागरूक किया जाएगा जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है। उन्होंने पात्र नागरिकों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने की अपील की। ताकि मतदाता सूची को अधिक समावेशी और त्रुटिरहित बनाया जा सके।