न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

एसएसबी ने किया आपदा प्रबंधन का मॉक ड्रिल, छात्रों को बताए बचाव के तरीके

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हाटगांव पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय हाटगांव में शुक्रवार को आपदा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारी को परखने के उद्देश्य से मॉक ड्रिल कार्यक्रम आयोजित किया गया। 12वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), किशनगंज की सीमा चौकी पेकटोला के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया।

अभ्यास में एसएसबी के राहत एवं बचाव दल के साथ बिहार पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मी भी शामिल हुए। मॉक ड्रिल के दौरान आपदा की स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का अभ्यास कराया गया। साथ ही, आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित कार्रवाई के महत्व को भी समझाया गया।

इस दौरान छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता बरतने, सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने और जरूरतमंदों की सहायता करने के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को आपदा प्रबंधन की जानकारी देना तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों की तैयारियों को मजबूत बनाना था।


एसएसबी के इस पहल के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि आपदा के समय सही जानकारी, समय पर सहायता और विभिन्न बचाव दलों के बीच बेहतर समन्वय से जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है। विद्यालय परिसर में आयोजित इस अभ्यास से विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की व्यावहारिक जानकारी मिली।


कार्यक्रम में उत्क्रमित मध्य विद्यालय हाटगांव के प्रधानाध्यापक हरदेव प्रसाद शर्मा उपस्थित रहे। एसएसबी की ओर से निरीक्षक सामान्य राज कुमार, उपनिरीक्षक कैलाश दान, मुख्य आरक्षी, सूर्यकांत तथा आरक्षी, एम. श्रीनिवास और राहुल कुमार सहित अन्य कर्मियों ने भाग लिया। बिहार पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने भी राहत और बचाव संबंधी अभ्यास में सहयोग किया।

Share this news

Leave a Comment