न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

डाला सिमलवाड़ी गांव में 5 एचपी सोलर लिफ्ट सिंचाई प्रणाली का हुआ उद्घाटन

किशनगंज /विजय कुमार साह


किशनगंज जिले के बहादुरगंज प्रखंड अंतर्गत चिकाबाड़ी पंचायत के डाला सिमलवाड़ी गांव में शुक्रवार को 5 एचपी सोलर लिफ्ट सिंचाई प्रणाली का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जीविका की प्रखंड स्तरीय टीम से बीपीएम अभिनव कुमार, एलएचएस, एरिया कोऑर्डिनेटर (एसी) एवं कम्युनिटी कोऑर्डिनेटर (सीसी), कृषि विभाग से कृषि समन्वयक सुमन सत्यार्थी एवं किसान सलाहकार, पंचायत के मुखिया मो सलमान, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, प्रदान टीम से तृष्णा दास, रौशन सिंह, चंद्रभूषण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान उपस्थित रहे।


उद्घाटन के बाद आयोजित बैठक में सिंचाई सुविधा के बेहतर उपयोग, मल्टीलेयर खेती, रेन शेल्टर के माध्यम से सब्जी उत्पादन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती और पशुपालन को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई। किसानों को मक्का के साथ बीन्स एवं फूलगोभी की अंतरवर्ती खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया, ताकि उपलब्ध भूमि का बेहतर उपयोग कर सब्जियों का उत्पादन एवं किसानों की आय बढ़ाई जा सके। साथ ही, विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं के समन्वय से गांव के समग्र विकास पर भी विचार-विमर्श हुआ।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं किसानों को मल्टीलेयर खेती और रेन शेल्टर के प्रदर्शन प्लॉटों का भ्रमण कराया गया। पंचायत प्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों ने प्रदान संस्था के प्रयासों की सराहना की तथा अन्य गांवों में भी इस प्रकार की पहल को बढ़ावा देने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। इस पहल से किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियां अपनाने, सिंचाई की सुविधा का लाभ उठाने तथा टिकाऊ आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।

Share this news

Leave a Comment