पीपल चौक धवेली गांव में पुलिस की कार्रवाई, 26.4 लीटर शराब जब्त
टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार की शाम शराब तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए नेपाली देसी शराब की 88 बोतलें बरामद कीं। पुलिस को देखते ही बाइक सवार तस्कर पीपल चौक धवेली गांव के पास बाइक छोड़कर फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम करीब 5:15 बजे बाइक सवार नेपाल की ओर से शराब लेकर आ रहा था। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर टेढ़ागाछ पुलिस ने उसका पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देख बाइक सवार पीपल चौक धवेली गांव के समीप बाइक छोड़कर भाग निकला।
इसके बाद पुलिस ने बाइक की तलाशी ली। बाइक की डिक्की से नेपाली देसी शराब की 88 बोतलें बरामद हुईं, जिनकी कुल मात्रा 26.4 लीटर बताई गई है। इस संबंध में अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि बरामद बाइक का पंजीकरण नंबर बीआर 37-9572 है। पुलिस ने बाइक और शराब को जब्त कर लिया है।
शराब तस्करी में संलिप्त व्यक्ति की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।इस अभियान में कांस्टेबल अंकित राज सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के प्रयासों को बल मिला है।