बारसोई /कटिहार – बारसोई अनुमंडल के आबादपुर थाना क्षेत्र के नंदाल ग्राम में देर एक 65 वर्षीय महिला कालो देवी की पीट-पीट कर निर्मम हत्या कर दी गईं थीं। आरोप है कि दो भाईयों सौदागर राय एवं भगीरथ राय के बीच हो रहे घरेलु विवाद व हिंसक झड़प में बीच-बचाव को गईं उनकी माता कालो देवी को उसी के ही छोटे पुत्र भगीरथ राय ने लाठी डंडों से पीट पीट कर उसे मौत के घाट उतार दिया था।
इस मामले में मृतका की बड़ी बहु के द्वारा मंगलवार को पुलिस के समक्ष दिए गए फर्द बयान के आधार पर मृतका के छोटे बेटे भगीरथ राय एवं छोटी बहु दुलारी देवी के विरुद्ध आबादपूर थाने में हत्या का एक मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आबादपुर पुलिस ने दोनों नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में आबादपुर थानाध्यक्ष मोहम्मद शादाब ने बताया कि नंदाल हत्याकांड के मुख्य आरोपित भगीरथ राय एवं उसकी पत्नी दुलारी देवी को गिरफ्त में ले लिया गया है।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों को बुधवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट के सुपुर्द कर दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों ने अपना अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाये रखने तथा अपराधियों को न्यायोचित सजा दिलाने में पुलिस पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। पुत्र के द्वारा अपनी ही मां की निर्मम हत्या का मामला लोगों की जुबान पर चर्चा का विषय बना हुआ। लोग इस मामले को लेकर उक्त कलयुगी पुत्र को पूरी तरह से कोस रहे हैं। घटना को लेकर ग्रामीण स्तब्ध हैं।