न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज स्टेशन पर टिकट जांच अभियान,445 मामलों में ₹4.40 लाख का राजस्व वसूली

कटिहार – त्योहारों के दौरान रेल यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार मंडल की ओर से किशनगंज रेलवे स्टेशन पर मेगा टिकट जांच अभियान चलाया गया। सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में सहायक वाणिज्य प्रबंधक निशांत कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान कुल 445 मामले पकड़े गए, जिससे रेलवे को ₹4.40 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ।


इस अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा के 261 मामले,अनियमित टिकट के 171 मामले तथा बिना बुक किए गए लगेज के 13 मामले दर्ज किए गए। टिकट जांच अभियान में वाणिज्य विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की। इस विशेष अभियान में सीएमआई मुकेश कुमार, सीएमआई मुरारी प्रसाद, सीएमआई फणीभूषण, रेलवे सुरक्षा बल के जवान तथा कटिहार एवं न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन के टिकट जांच कर्मचारियों ने भाग लिया।

वही रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे के नियमों का पालन करें। अधिकारियों के अनुसार इस तरह के विशेष टिकट जांच अभियान का उद्देश्य अनियमित यात्रा पर रोक लगाना, यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Share this news

Leave a Comment