न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज में पुलिस का विशेष अभियान, 64 गिरफ्तार

शराब, मादक पदार्थ, वाहन और आभूषण समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद, 2.67 लाख रुपये जुर्माना वसूला

संवाददाता/किशनगंज

जिले में अपराध नियंत्रण, अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत 5 से 11 अक्टूबर 2026 के बीच कुल 64 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, वाहन जांच और यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई करते हुए 2 लाख 67 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।

पुलिस द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि अभियान के दौरान 305.895 लीटर विदेशी शराब, 26.700 लीटर देसी शराब और 80 लीटर जावा विनष्ट बरामद किया गया। इसके अलावा तीन मोटरसाइकिल, एक कार, एक टोटो, दो मोबाइल, 11 मवेशी, दो ट्रैक्टर, एक पिकअप और एक जुगाड़ गाड़ी भी जब्त की गई।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 15 मीटर तांबे का तार, सोने के तीन पीस लॉकेट, दो पीस सोने के चेहरा, एक जोड़ी सोने के बेसर, दो पीस सोने की अंगूठी तथा चांदी के आभूषण भी बरामद किए। इनमें 11 पीस चांदी की अंगूठी, चार पीस चांदी की चेन, दो जोड़ी चांदी के पायल, एक पीस चांदी का गोट, एक पीस चांदी का कमरबंद, एक पीस टूटी हुई चांदी की घड़ी, एक पीस चांदी का मुकुट, एक जोड़ी चांदी का ताबीज और एक जोड़ी चांदी का ब्रेसलेट शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त 328 पैकेट यूरिया और 3 लाख 54 हजार रुपये भारतीय मुद्रा भी बरामद किया गया है।

नशामुक्त किशनगंज के लिए अभियान जारी

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों और अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने तथा साइबर ठगी का शिकार होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। आपात स्थिति में डायल-112 पर संपर्क करने की भी सलाह दी गई है।

Share this news

Leave a Comment