दिघलबैंक (किशनगंज) मुरलीधर झा
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 12वीं वाहिनी, किशनगंज की ओर से नागरिक कल्याण कार्यक्रम 2026-27 के तहत सीमावर्ती गांवों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मालटोली में 12 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को रोजगारोन्मुख कौशल प्रदान किया जाएगा।
इस कार्यक्रम का संचालन देशबंधु व्यावसायिक प्रशिक्षण, सिलिगुड़ी द्वारा किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है, ताकि वे अपने हुनर और मेहनत के बल पर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे सकें।
एसएसबी की 12वीं वाहिनी की यह पहल “हमारा संकल्प—विकसित भारत, सशक्त समाज” की भावना को आगे बढ़ाती है। कार्यक्रम के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों में कौशल विकास को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण से महिलाओं को नए कौशल सीखने और भविष्य में स्वरोजगार की संभावनाएं तलाशने का अवसर मिलेगा। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण को बढ़ावा देने तथा महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण कोशिश है।
इस अवसर पर डिप्टी उप कमांडेंट स्वपन रजक, मुखिया पूनम देवी, प्रधानाध्यापक कौरव कुमार दास, असिस्टेंट कमांडेंट शिवराम कृष्णन, असिस्टेंट कमांडेंट मनोज कुमार सहित स्थानीय ग्रामीण एवं विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्र में कौशल विकास और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।