न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज के छात्र की चंडीगढ़ में सड़क हादसे में मौत: जिस बेटे के भविष्य के सपने संजोए थे, उसी को नम आंखों से दी अंतिम विदाई

संवाददाता/ किशनगंज

किशनगंज जिले के रहनेवाले एमबीए छात्र मयंक भास्कर की चंडीगढ़ में सड़क हादसे में हुए मौत के बाद सोमवार शाम जब उसका पार्थिव शरीर ठाकुरगंज स्थित पैतृक घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। जिस बेटे को उज्ज्वल भविष्य के लिए माता-पिता ने घर से दूर पढ़ने भेजा था, उसी को नम आंखों से अंतिम विदाई देनी पड़ी।

गौरतलब हो कि, बीते शनिवार रात्रि को मयंक ढाबे में खाना खाने गया था, जब वो खाना खाकर निकला तो तेज रफ्तार से आ रही ट्रक से उसे रौंद दिया जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद मामले की जानकारी परिजनों को दी गई और चंडीगढ़ पुलिस अग्रसर कारवाई करने के बाद शव को पैतृक गाँव भेजा।

नगर पंचायत ठाकुरगंज के रहनेवाले मयंक के माता-पिता दोनों शिक्षक हैं। इकलौता बेटा होने के कारण परिवार की सारी उम्मीदें उसी पर टिकी थीं। मयंक चंडीगढ़ में एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि पढ़ाई पूरी कर वह सफलता हासिल करेगा और परिवार का नाम रोशन करेगा, लेकिन सड़क हादसे ने सारे सपने तोड़ दिए।

शव घर पहुंचते ही माता-पिता बदहवास हो गए। मां-बाप की चीखें सुनकर वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं। इकलौती बहन भाई के शव से लिपटकर बिलखती रही। परिजनों की चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।

सूचना मिलते ही रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ घर पर जुट गई। सभी ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने की कोशिश की, लेकिन किसी के आंसू थम नहीं रहे थे।

बाद में मेची नदी किनारे पूरे विधि-विधान के साथ मयंक का अंतिम संस्कार किया गया। एक होनहार छात्र की असमय मौत से पूरे ठाकुरगंज क्षेत्र में शोक की लहर है।

Share this news

Leave a Comment