न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

नवरात्र में बेटियों के हाथ नगर पंचायत की जिम्मेदारी,विकास के लिए रखीं मांगें

विधि सुमन ने चिल्ड्रेन पार्क तो कशिश चौधरी ने लाइब्रेरी बनाने का दिया सुझाव, नौ कन्याओं को मिलेगा नेतृत्व का मौका

बरारी /कटिहार – नवरात्र में बेटियों को नेतृत्व का अवसर देने के उद्देश्य से बरारी नगर पंचायत की मुख्य पार्षद बबीता कुमारी ने अनूठी पहल की है। इसके तहत नौ कन्याएं एक-एक दिन के लिए सांकेतिक मुख्य पार्षद बनेंगी। इस दौरान वे मुख्य पार्षद की कुर्सी पर बैठकर नगर पंचायत का कामकाज समझेंगी और विकास से जुड़ी अपनी प्राथमिकताएं भी सामने रखेंगी।

पंडित आचार्य प्रदीप कुमार उर्फ बबलू झा की पुत्री विधि सुमन कुमारी और सोमवार को व्यवसायी अमित चौधरी की पुत्री कशिश चौधरी को एक दिन के लिए सांकेतिक मुख्य पार्षद बनाया गया। नगर पंचायत कार्यालय में दोनों का स्वागत किया गया। मौके पर मुख्य पार्षद बबीता कुमारी, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नीरज कश्यप उर्फ हिटलर यादव, वार्ड पार्षद प्रदीप कुमार सहित कार्यालय कर्मी मौजूद रहे। सांकेतिक मुख्य पार्षद विधि सुमन कुमारी ने कहा कि नगर पंचायत में कई विकास कार्य हुए हैं, लेकिन बच्चों के खेलने और मनोरंजन के लिए चिल्ड्रेन पार्क की जरूरत है।

वहीं, कशिश चौधरी ने गरीब और जरूरतमंद विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए लाइब्रेरी बनाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय बनने से विद्यार्थियों को शांत वातावरण में पढ़ाई करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी।इस दौरान सांकेतिक मुख्य पार्षदों ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। लाभुकों को वंशावली सहित अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराए गए।

मुख्य पार्षद बबीता कुमारी ने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। उन्हें कम उम्र से ही निर्णय लेने और जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिलना चाहिए। इस पहल का उद्देश्य बेटियों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें भविष्य में नेतृत्व के लिए प्रेरित करना है।

Share this news

Leave a Comment