न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

अंतर्राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण दिवस पर मॉकड्रिल कार्यक्रम आयोजित

आपदा से बचाव एवं सुरक्षित रहने के उपायों के प्रति विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

कोढा /कटिहार-अंतर्राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत, कटिहार युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, विनोदपुर में आपदा प्रबंधन एवं बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं विद्यालय से जुड़े लोगों को विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान सतर्क रहने, सुरक्षित स्थान पर पहुंचने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने के लिए जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान आपदा के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया तथा स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।मॉकड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य और सूझबूझ से काम लेना चाहिए तथा निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करना चाहिए।इस अवसर पर विद्यार्थियों को भूकंप, आग लगने, बाढ़ एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जागरूक करने पर बल दिया गया।

साथ ही, आपदा के समय सुरक्षित स्थान की पहचान करने, विद्यालय परिसर से व्यवस्थित तरीके से बाहर निकलने, अफवाहों से बचने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि आपदा से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए पूर्व तैयारी, समय पर चेतावनी, जागरूकता और सामूहिक सहयोग अत्यंत आवश्यक हैं।

विद्यार्थियों को बताया गया कि आपदा प्रबंधन केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जागरूक एवं प्रशिक्षित नागरिक आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं को सुरक्षित रखने के साथ-साथ दूसरों की मदद करने में भी सक्षम होते हैं। मेरा युवा भारत, कटिहार की इस पहल का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता एवं जनसेवा की भावना विकसित करना तथा उन्हें आपदा जोखिम न्यूनीकरण के प्रति जागरूक बनाना है। कार्यक्रम में शिक्षक ओम प्रकाश सिंह, नीतीश कुमार, रंजीत कुमार, अभिषेक कुमार एवं माय भारत युवा स्वयंसेवक आनंद कुमार, स्वयंसेवक आशुतोष कुमार , छात्र-छात्रा उपस्थिति रहे।

Share this news

Leave a Comment