न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

फसल क्षति मुआवजा भुगतान की दिशा में तेज हुई कार्रवाई

प्राणपुर व अमदाबाद में 5,820 ऑनलाइन आवेदन, सत्यापन के बाद 2,892 स्वीकृत

कटिहार – बाढ़ एवं जलजमाव से प्रभावित किसानों को फसल क्षति का मुआवजा दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। प्राणपुर एवं अमदाबाद प्रखंड में किसानों की फसल क्षति से संबंधित कुल 5,820 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। सत्यापन के बाद इनमें से 2,892 आवेदन पात्र पाए गए, जिन्हें स्वीकृति दी गई है।


जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के दिशा-निर्देशन में कृषि विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा प्राप्त आवेदनों का स्थल एवं अभिलेख के आधार पर सत्यापन कराया गया। सत्यापन की प्रक्रिया में कृषि समन्वयक,किसान सलाहकार, एटीएम,बीटीएम, एसडीएओ,जिला कृषि पदाधिकारी सहित आपदा प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारियों एवं कर्मियों की भूमिका रही। स्वीकृत आवेदनों का सत्यापित प्रतिवेदन किसानों के बैंक खातों में फसल क्षति मुआवजा राशि के अंतरण के लिए ऑनलाइन कृषि विभाग को अग्रसारित कर दिया गया है।

जिला प्रशासन के अनुसार,प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं बहुस्तरीय सत्यापन के बाद कटिहार जिले का सत्यापित प्रतिवेदन राज्य स्तर पर सबसे पहले विभाग को उपलब्ध कराया गया। फसल क्षति आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन में योगदान देने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक आत्मा राजीव कुमार ने संयुक्त कृषि भवन में प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया।

समारोह में प्राणपुर एवं अमदाबाद के बीडीओ समेत कृषि विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन फिरोज अख्तर ने कहा कि आपदा की स्थिति में किसानों तक सरकारी सहायता समय पर पहुंचाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। सामूहिक प्रयास से आवेदनों का त्वरित सत्यापन एवं निष्पादन संभव हो सका।

जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने कहा कि पात्र किसानों तक समयबद्ध राहत पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर प्रतिवेदन ऑनलाइन विभाग को भेजा जा चुका है। इससे किसानों को मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की दिशा में आगे की कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

Share this news

Leave a Comment