न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

पीएम आवास की सूची में 1600 में सिर्फ 472 नाम, छूटे योग्य लाभुकों को जोड़ने की मांग

बघार पंचायत के मुखिया पिंटू कुमार यादव ने डीएम, डीडीसी, एसडीएम व बीडीओ को सौंपा मांग पत्र; पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने की मांग

मनिहारी/ कटिहार – प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बघार पंचायत में सर्वे किए गए करीब 1600 लाभुकों में से सिर्फ 472 लाभुकों के नाम सूची में शामिल होने का मामला सामने आया है। छूटे हुए योग्य लाभुकों को योजना का लाभ दिलाने की मांग को लेकर पंचायत के मुखिया पिंटू कुमार यादव ने जिलाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को मांग पत्र सौंपा है।


मुखिया ने डीएम, उप विकास आयुक्त, मनिहारी अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिए मांग पत्र में बताया है कि बघार पंचायत में करीब 1600 लाभुकों का सर्वे प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए किया गया था। विभागीय स्तर पर दोबारा जांच के बाद 472 लाभुकों के नाम ही सूची में शामिल होने की बात कही गई है। ऐसे में बड़ी संख्या में सर्वे में शामिल योग्य परिवार योजना के लाभ से वंचित रह गए हैं।

मामले को लेकर संबंधित आवास सहायक एवं आवास पर्यवेक्षक को जानकारी देने के बावजूद सकारात्मक पहल नहीं होने पर 1 अक्टूबर को ग्रामीणों के साथ प्रखंड कार्यालय परिसर में आमरण-अनशन शुरू किया गया था। पत्र के मुताबिक, शाम करीब 5 बजे प्रखंड विकास पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि पोर्टल खुलने के बाद पात्रता से छूटे लाभुकों के नाम प्राथमिकता के आधार पर जोड़े जाएंगे।

इसके बाद आमरण-अनशन समाप्त किया गया।
मुखिया पिंटू कुमार यादव ने अधिकारियों से मामले की आवश्यक जांच कर सर्वे में शामिल पात्र एवं छूटे हुए परिवारों का नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में जोड़ने तथा उन्हें योजना का लाभ दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Share this news

Leave a Comment