दुर्गापूजा को लेकर डीएम-एसपी ने पदाधिकारियों को दिये निर्देश
पंडालो एवं मंदिरों में आवश्यक सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने पर दिया जोर
कटिहार–जिला में दुर्गा पूजा शांतिपूर्वक एवं आपसी सद्भाव के साथ संपन्न कराने को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरु हो गई है।मुख्य सचिव, बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को दुर्गापूजा के मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कराने का निर्देश दिया है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये आयोजित बैठक में पदाधिकारी द्वय ने शांति समिति की बैठक आयोजित करने, पूजा समितियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था की लगातार समीक्षा करने के के साथ आकस्मिक स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।डीएम तथा एसपी ने इस दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुदृढ़ रखने पर जोर दिया है।
पूजा के दौरान पंडालों तथा मंदिरों एवं उसके आसपास स्वच्छता,पेयजल,प्रकाश,चिकित्सा,एबूलेंस,अग्निशमन आदि की आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया गया है।जिला पदाधिकारी ने सोशल मिडिया पर अफवाह,भ्रामक एवं आपत्तिजनक संदेशों की सतत् निगरानी एवं आवश्यक कारवाई करने का भी निर्देश दिया है।
जानकारी देते हुए जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने बताया है कि जिला प्रशासन ने आमजनों की सुरक्षा को प्रशासन तथा शांति एवं सौहार्द बनाये रखने को आमजनों की जिम्मेदारी मानते हुए दुर्गापूजा सहित अन्य पर्वों को शांति, सद्भाव, भाईचारा और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है।उन्होंने कहा कि पदाधिकारी द्वय ने जिलावासियों से सुरक्षित आयोजन के लिए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने और शांति व्यवस्था बनाये रखने में प्रशासन को सहयोग करने की अपील की है।