कोढ़ा में गूंजा पोषण का संदेश
उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी सेविकाएं सम्मानित
कोढा /कटिहार – बिहार में 9वें पोषण माह 2026 के तहत पोषण को लेकर जनजागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से कोढा बाल विकास परियोजना के परिसरों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किया गया । जिसमें भव्य पोषण मेला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आईसीडीएस के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमारी पुर्णिमा, सीडीपीओ ऊषा किरण, मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह एवं अन्य विभागों के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। पोषण मेले में बाल विकास परियोजना की ओर से विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जहां मातृ एवं शिशु पोषण, एनीमिया से बचाव, संतुलित आहार, स्वास्थ्य एवं बच्चों की वृद्धि निगरानी को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों के बीच बेबी किट, स्कूल बैग, कॉमिक बुक एवं आभार पत्र का भी वितरण किया गया।
आईसीडीएस की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमारी पुर्णिमा ने कहा कि पोषण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में कार्य करें। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी सेविकाओं को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने पर जोर दिया ।
साथ ही कहा की सभी परियोजनाओं से कोढ़ा का कार्यक्रम भव्य व बेहतर रहा ।बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ऊषा किरण ने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। पोषण माह के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों के स्तर पर लोगों को संतुलित आहार, एनीमिया से बचाव, मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं बच्चों की नियमित वृद्धि निगरानी के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पोषण संबंधी संदेश को हर परिवार तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला पर्यवेक्षिका राजश्री चौधरी, समेत अन्य महिला पर्यवेक्षिका व सभी सेविकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, आंगनबाड़ी सेविका – सहायिका एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।