न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

श्रमिकों के ई-केवाईसी में तेजी लाने का निर्देश,समय पर मजदूरी भुगतान को लेकर प्रशासन गंभीर

कोढ़ा /कटिहार- प्रखंड क्षेत्र के सभी कुशल, अर्द्धकुशल एवं अकुशल श्रमिकों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उनके पारिश्रमिक का भुगतान समय पर सीधे बैंक खाते में सुनिश्चित करने के उद्देश्य से श्रमिकों के ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है।

इस संबंध में कोढ़ा के कार्यक्रम पदाधिकारी अजय कुमार ने सभी पंचायत रोजगार सेवकों पीआरएस को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए छूटे हुए श्रमिकों का ई-केवाईसी जल्द से जल्द पूरा कराने को कहा है। निर्देश मिलने के बाद प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में पंचायत रोजगार सेवकों द्वारा इस कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कराने की कवायद शुरू कर दी गई है।

कार्यक्रम पदाधिकारी अजय कुमार ने कहा कि श्रमिकों को सरकारी योजनाओं के तहत रोजगार का लाभ दिलाने और उनकी मजदूरी का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करना जरूरी है। ई-केवाईसी के माध्यम से श्रमिकों के विवरण को अद्यतन करने में मदद मिलती है। ऐसे में जिन श्रमिकों का ई-केवाईसी अब तक नहीं हो पाया है, वे इसे जल्द पूरा कराने के लिए संबंधित पंचायत रोजगार सेवक से संपर्क करें।

उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे इस कार्य के प्रति जागरूक रहें और अपने आसपास के वैसे श्रमिकों को भी जानकारी दें, जिनका ई-केवाईसी अभी बाकी है।

उन्होंने पंचायत रोजगार सेवकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में छूटे हुए श्रमिकों की पहचान कर ई-केवाईसी की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराएं, ताकि कोई भी पात्र श्रमिक आवश्यक प्रक्रिया अधूरी रहने के कारण सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।

Share this news

Leave a Comment