न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

बारिश से फुलबरिया बाजार की सड़क बनी दलदल, जलजमाव से बढ़ी परेशानी

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के प्रमुख फुलबरिया बाजार की जर्जर सड़क बारिश के बाद गुरुवार को कीचड़ और जलजमाव से बेहाल हो गई। सड़क पर जगह-जगह पानी जमा होने के साथ ही कीचड़ फैल गया, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दुकानों के सामने पानी जमा रहने से व्यवसाय भी प्रभावित हुआ। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व जर्जर सड़क पर गैर-सरकारी स्तर पर मिट्टी भराई कराई गई थी।

बारिश के बाद सड़क पर बिछी मिट्टी और बालू कीचड़ में तब्दील हो गई। वहीं, पहले से मौजूद गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और खराब हो गई है।जलजमाव और कीचड़ के कारण सड़क पर आवागमन जोखिम भरा हो गया है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए फिसलन और गड्ढों के चलते हादसे की आशंका बनी हुई है। राहगीरों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है।

बाजार में लगातार बढ़ती परेशानी के बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। शुक्रवार को टोटो गाड़ी सड़क के गड्ढे में पलटने से पेकटोला निवासी अंजू देवी दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिस कारण घर में अकेले कमाने वाली बेबस महिला अंजू देवी का हाथ टूट गया ।दुकानदारों ने बताया कि बारिश के बाद दुकानों के सामने पानी और कीचड़ जमा हो जाने से ग्राहकों का आना-जाना कम हो जाता है। इससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से फुलबरिया बाजार की सड़क का शीघ्र निर्माण कराने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो बारिश के दौरान परेशानी और बढ़ सकती है तथा दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहेगा।

Share this news

Leave a Comment