मुरलीधर झा/दिघलबैंक (किशनगंज)
दिघलबैंक प्रखंड के हाड़ीभिट्ठा गांव में 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से तीन मवेशियों की मौत हो गई।
मवेशी मालिक सगीर आलम ने बताया कि बिजली के तार की चपेट में आने से उनके तीन मवेशियों की मौत हो गई, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, घटनास्थल के ठीक बगल में उत्क्रमित मध्य विद्यालय भी स्थित है, जहां बच्चे नियमित रूप से खेलते-कूदते हैं। ऐसे में हाईटेंशन बिजली लाइन को लेकर ग्रामीणों को स्कूली बच्चों एवं आम लोगों की सुरक्षा की चिंता सता रही है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि बिजली लाइन की आवश्यक जांच एवं मरम्मत कराई जाए और सुरक्षा के दृष्टिकोण से उचित व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटना की पुनरावृत्ति न हो।
इधर, बिजली विभाग के एसडीओ परमित रंजन ने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में मवेशियों को बिजली पोल एवं बिजली लाइन से दूर रखना चाहिए और लोगों को सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 11 केवी बिजली तार में कवर देने का विभाग की ओर से प्रावधान नहीं है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से मृत मवेशियों का उचित मुआवजा जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है।