किशनगंज: समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में बुधवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही की जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) मो. उमैर ने की।
बैठक में जिले की बैंकिंग गतिविधियों, ऋण-जमा अनुपात, वार्षिक ऋण योजना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, किसान क्रेडिट कार्ड, संयुक्त देयता समूह और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लक्ष्य एवं उपलब्धियों पर चर्चा हुई। बैंकों को लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करते हुए निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और प्रधानमंत्री जन-धन योजना की भी समीक्षा की गई। पात्र लोगों को इन योजनाओं से जोड़कर वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
भारतीय रिजर्व बैंक, पटना के जिला स्तरीय अधिकारी मोहित कुमार मीना ने बताया कि 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं शहरी स्थानीय निकायों में व्यापक वित्तीय साक्षरता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान साइबर धोखाधड़ी से बचाव, सुरक्षित बैंकिंग, बीमा तथा सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
बैठक में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के कार्यों की भी जानकारी दी गई। संस्थान के माध्यम से बेरोजगार एवं इच्छुक युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में सहयोग किया जाता है।
अपर समाहर्ता ने विभागीय अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में एसडीसी बैंकिंग श्रीमती श्रीति कुमारी, भारतीय रिजर्व बैंक के जिला स्तरीय अधिकारी मोहित कुमार मीना, जिला अग्रणी प्रबंधक अखिलेश कुमार, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक पुष्कर चौधरी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं बैंकों के जिला समन्वयक उपस्थित रहे।