किशनगंज /सागर चंद्रा
जिले के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित भेलगुड़ी गांव के समीप नेशनल हाईवे 327E पर दो अनियंत्रित व तेज रफ्तार ट्रक के बीच सीधी टक्कर हो गई। बुधवार सुबह घटित घटना में दोनों ट्रकों के परखच्चे उड़ गए। जबकि ट्रक सवार लोग वाहन में ही फंसे गये। घायलों की चीख-पुकार और टक्कर की जोरदार आवाज को सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे।
घायलों की स्थिति को देख कर इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से ट्रक में फंसे चालक और सहचालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दुर्घटना की जानकारी पूर्व में ही मिल जाने के कारण सदर अस्पताल में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थी। घायलों के पहुंचते ही फौरन उनका इलाज प्रारंभ कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान तबीयत बिगड़ जाने पर औरैया यूपी निवासी 33 वर्षीय गजेंद्र कुमार पिता पृथ्वीराज और 30 वर्षीय विवेक कुमार पिता रणवीर सिंह के साथ साथ पूर्णिया निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद सफीकुल पिता शहाबुद्दीन को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
भेलगुड़ी के समीप बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे दो अनियंत्रित ट्रकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मचने से अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. इस भीषण सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.