सागर चंद्रा/ किशनगंज
पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में पीछा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पोठिया थाना की पुलिस ने टाउन थाना पुलिस की मदद से कांड संख्या 270/26 के नामजद आरोपी फुलहारा निवासी शौकत उमर (36) पिता कबीरूद्दीन को एसपी कार्यालय के समीप से दबोच लिया। हालांकि गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने उसे बस स्टैंड के समीप गिरफ्तार करने की कोशिश की थी।
लेकिन पुलिस को देखते ही वह फरार हो गया। लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे एसपी कार्यालय के समीप दबोच लिया। इस दौरान मौके पर तमाशबीनों की भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस आरोपी को साथ लेकर टाउन थाना पहुंची। जहां उसे पोठिया पुलिस के हवाले कर दिया गया।
बताते चलें कि गिरफ्तार आरोपी शौकत और उसके साथियों ने भूमि विवाद के दौरान गत 25 जुलाई को मारपीट की थी। घटना के दौरान लाठी डंडे के साथ साथ धारदार हथियार से वार किए जाने से आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे।मामले को लेकर फुलहारा निवासी वारिस के लिखित शिकायत पर पोठिया थाने में 8 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी।