न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

रिफॉर्म उत्सव 2026 के तहत मंगुरा में किसान संगोष्ठी, संतुलित खाद उपयोग और प्राकृतिक खेती पर दिया जोर

मुरलीधर झा/दिघलबैंक (किशनगंज)

रिफॉर्म उत्सव 2026 के अंतर्गत बुधवार को मंगुरा पैक्स कार्यालय में किसान संगोष्ठी सह क्षेत्र दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पैक्स अध्यक्ष उमेश कुमार गणेश ने की। इस दौरान किसानों को कृषि सुधार, जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग तथा नैनो खाद के इस्तेमाल को लेकर जागरूक किया गया।


कार्यक्रम में कनीय क्षेत्र प्रतिनिधि पियूष कुमार एवं इफको के प्रशांत कुमार ने किसानों को यूरिया और डीएपी जैसे रासायनिक उर्वरकों का आवश्यकता के अनुसार एवं सीमित मात्रा में उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने खाद के उचित इस्तेमाल के लिए ‘चार आर’—सही स्रोत, सही मात्रा, सही तरीका और सही समय के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

वक्ताओं ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक और असंतुलित उपयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो सकती है। ऐसे में जैविक खाद, वर्मीकंपोस्ट और गोबर खाद के उपयोग को बढ़ावा देना आवश्यक है। किसानों को समय-समय पर मिट्टी की जांच कराने की भी सलाह दी गई, ताकि फसल की आवश्यकता के अनुसार पोषक तत्वों का उचित प्रबंधन किया जा सके।


संगोष्ठी में बताया गया कि अब गांवों के पैक्स प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र के रूप में भी कार्य कर रहे हैं। यहां किसानों को उचित मूल्य पर खाद, बीज सहित खेती से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। खाद के पारदर्शी वितरण के लिए पीओएस मशीन के माध्यम से आधार कार्ड अथवा मोबाइल नंबर से लाभुक की पहचान सुनिश्चित की जाती है।

इस दौरान किसानों को नैनो यूरिया, नैनो डीएपी और नैनो जिंक सहित विभिन्न नैनो उर्वरकों के उपयोग एवं उनके लाभ की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने के साथ-साथ मिट्टी के स्वास्थ्य और उर्वरता को बनाए रखने के प्रति जागरूक करना रहा।
मौके पर मुखिया प्रतिनिधि मो.मेराज रजा,सरपंच प्रतिनिधि तस्लीमुद्दीन, मोहन कमती सहित पंचायत क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Share this news

Leave a Comment