प्रतिनिधि/ठाकुरगंज
कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों के द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ आंदोलन को तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में बुधवार को किशनगंज जिले के ठाकुरगंज में कांग्रेस और राजद ने संयुक्त रूप से चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने ठाकुरगंज के डीसी मार्केट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन में राजद के राज्य परिषद सदस्य मुस्ताक आलम, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सलीमुद्दीन के साथ कांग्रेस और राजद के दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस मौके पर राजद नेता मुस्ताक आलम ने चुनाव आयोग की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि “पूरे देश में भाजपा की सरकार वोट चोरी करके बनाई गई है।” उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम काटने-जोड़ने में धांधली हो रही है, जिससे लोकतंत्र खतरे में है। विपक्ष लगातार इस मुद्दे को उठा रहा है और इसकी पूरी जिम्मेदारी मुख्य चुनाव आयुक्त की है।
उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले विशेष मतदाता पुनरीक्षण के नाम पर गरीब, दलित और अल्पसंख्यक वोटरों को परेशान किया जा रहा है, जिसे महागठबंधन बर्दाश्त नहीं करेगा।
बता दें कि बिहार में महागठबंधन ने 7 अक्टूबर को सभी प्रखंड मुख्यालयों पर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान किया है, जिसके तहत ठाकुरगंज में यह प्रदर्शन किया गया।