न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

ठाकुरगंज में ड्रैगन फ्रूट और वेनीला की खेती देख डीएम ने की किसानों की सराहना

कृषि विभाग को ड्रैगन फ्रूट की खेती के विस्तार के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश

मो मुर्तुजा /ठाकुरगंज

जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने बुधवार को ठाकुरगंज प्रखंड का दौरा कर किसानों द्वारा किए जा रहे नए कृषि प्रयोगों का जायजा लिया। उन्होंने किसान नागराज नखत के खेत में ड्रैगन फ्रूट की खेती का निरीक्षण किया। वहीं हंसराज नखत द्वारा की जा रही वेनीला की खेती को भी करीब से देखा और किसानों से इसकी खेती से जुड़ी जानकारी ली।

नई फसलों की खेती देखकर डीएम ने किसानों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कृषि अब केवल पारंपरिक फसलों तक सीमित नहीं है। बदलते समय में किसानों को नई फसलों, आधुनिक तकनीक और बाजार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रयोग करने की जरूरत है। ठाकुरगंज में किसानों द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयोग जिले के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायक हैं।

डीएम ने कहा कि “फ्लोरीकल्चर और कृषि उत्पादन में हो रहे नवाचार एवं प्रयोग को देखना और उसका साक्षी बनना बहुत अच्छा लगा। किसानों का सीखने और प्रयोग करने के प्रति समर्पण सराहनीय है। आशा है कि जिले के अन्य किसान भी इससे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ेंगे। किशनगंज पर गर्व है। इसे जारी रखें। शुभकामनाएं।”

ड्रैगन फ्रूट की खेती को बढ़ावा देने की बनेगी योजना

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कृषि विभाग के अधिकारियों को जिले में ड्रैगन फ्रूट की खेती को बढ़ावा देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इच्छुक किसानों को इस खेती से जोड़ा जाए और उन्हें तकनीकी जानकारी के साथ आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा खेती की संभावनाओं का आकलन कर इसके विस्तार के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों से नई फसलों को लेकर किसानों के बीच जागरूकता बढ़ाने तथा सफल किसानों के अनुभवों को अन्य किसानों तक पहुंचाने को कहा। डीएम ने कहा कि स्थानीय स्तर पर हो रहे ऐसे कृषि प्रयोगों को प्रोत्साहित करने से जिले में खेती के नए विकल्प विकसित किए जा सकते हैं।

इस दौरान उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, बीडीओ आशीष कुमार, अंचलाधिकारी मृत्युंजय कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी प्रभात कुमार, उप निदेशक अभियंत्रण विजय कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनुज कुमार सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मी एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।

Share this news

Leave a Comment