कोचाधामन: सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को राजकीय डिग्री महाविद्यालय, कोचाधामन के CBCS UG सेमेस्टर-1 (सत्र 2026-30) में नामांकित छात्र-छात्राओं ने करीब दो किलोमीटर लंबी जागरूकता पदयात्रा निकाली। पदयात्रा महाविद्यालय के मुख्य द्वार से शुरू होकर धनपुरा गांव होते हुए किशनगंज-बहादुरगंज सड़क तक पहुंची। छात्र-छात्राओं ने अनुशासन और सुरक्षा के साथ पदयात्रा पूरी की।

पदयात्रा के दौरान “बेटा-बेटी एक समान, तभी बढ़ेगा हिंदुस्तान”, “युवा भारत विकसित भारत”, “शिक्षित भारत, विकसित भारत” और “बढ़े चलो-बढ़े चलो, देश के युवा बढ़े चलो” जैसे नारे लगाए गए। नारों से पूरा गांव गूंज उठा। पदयात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे घरों से बाहर निकल आए।

इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सजल प्रसाद ने शिक्षकों के साथ गांव के चौक-चौराहों पर ग्रामीणों से अपने बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज भेजने की अपील की। उन्होंने ग्रामीणों को महाविद्यालय में शुरू हुई स्पॉट एडमिशन प्रक्रिया की जानकारी भी दी। प्राचार्य ने कहा कि प्रखंड स्तर पर महाविद्यालय की स्थापना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उनके घर के समीप उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसका लाभ अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उठाना चाहिए।

पदयात्रा में डॉ. मुस्तईज आलम, डॉ. प्रबीर कुमार घोष, डॉ. मिराज हक, पूजा शर्मा, ज्योति कुमारी, अयन दत्त, भूपेन्द्र कुमार सिंह सहित शिक्षकेत्तर कर्मचारी राजीव कुमार गुप्ता शामिल रहे।
चित्रकला में सोनाली, भाषण में नौसिया अव्वल
पदयात्रा के बाद महाविद्यालय में “युवा भारत विकसित भारत” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निर्णायक मंडली ने सोनाली कुमारी को प्रथम, रिया कुमारी को द्वितीय तथा प्रियंका कुमारी को तृतीय स्थान के लिए चयनित किया। विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इसके बाद इसी थीम पर भाषण प्रतियोगिता हुई। इसमें नौसिया प्रवीण ने प्रथम, लता कुमारी ने द्वितीय और जैनब फातमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र दिए गए।
प्रतियोगिता के दौरान प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सजल प्रसाद ने छात्र-छात्राओं से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ पाठ्येतर गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक भूपेन्द्र कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूजा शर्मा ने किया। इसके साथ ही कार्यक्रम का समापन हुआ।