न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

मनरेगा योजनाओं में अनियमितता की शिकायत पर चिल्हनियां पंचायत में जांच

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

चिल्हनियां पंचायत में मनरेगा योजनाओं में अनियमितता की शिकायत को लेकर मंगलवार को जांच टीम ने विभिन्न योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। पंचायत के सरपंच कैलाश बोसाक ने किशनगंज जिला पदाधिकारी नवीन कुमार को आवेदन देकर योजनाओं में अनियमितता की शिकायत की थी। डीएम के निर्देश पर जांच टीम गठित की गई।


जांच टीम में डीआरडीए निदेशक शशि सौरभ मणि, मनरेगा पीटीए प्रह्लाद कुमार एवं कनीय अभियंता राहुल कुमार शामिल थे। टीम ने चिल्हनियां पंचायत के वार्ड संख्या 13 एवं 15 में पहुंचकर मनरेगा से संबंधित योजनाओं की जांच की। जांच के दौरान पंचायत के मुखिया के सहयोगी आनंद कुमार ठाकुर भी मौजूद रहे।


जांच के दौरान अधिकारियों ने योजनाओं के स्थल, कार्य की स्थिति एवं संबंधित अभिलेखों की जानकारी ली। इस दौरान जांच टीम को वार्ड 13 एवं 15 में मनरेगा से संबंधित किसी भी योजना स्थल पर योजना बोर्ड लगा हुआ नहीं मिला। डीआरडीए निदेशक शशि सौरभ मणि ने बताया कि मंगलवार को पंचायत के दो वार्डों में योजनाओं की जांच की गई है।

मनरेगा से जुड़ी अन्य योजनाओं की जांच दो दिनों बाद की जाएगी।उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर जिला पदाधिकारी को सौंपी जाएगी। वहीं, पंचायत में मनरेगा योजनाओं में अनियमितता को लेकर रोजगार सेवक रविंद्र कुमार पर भी आरोप लगाए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई होती है, इस पर पंचायत के लोगों की नजर बनी हुई है।

Share this news

Leave a Comment