टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र में आम लोगों की सुविधा और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर मंगलवार को हाटगांव, धवेली एवं भोरहा पंचायत सहित प्रखंड मुख्यालय में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले एवं प्रखंड स्तर के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी तथा पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पंचायतों से पहुंचे ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, शुद्ध पेयजल, बिजली आपूर्ति, खाद्य आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, कृषि, जीविका सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। ग्रामीणों ने संबंधित विभागों के स्टॉल पर पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन पदाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। पदाधिकारियों ने पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का भरोसा दिलाया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना है। शिविर से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों के कार्यालयों का चक्कर लगाने से भी राहत मिली।